
धनबाद : टुंडी प्रखंड के कमलपुर जंगल में 75 वर्षीय सुरेंद्र सोरेन पिछले 15 वर्षों से एकाकी का जीवन जी रहे हैं। इसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिए।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने टुंडी बीडीओ विशाल पांडेय को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने और सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद बीडीओ विशाल पांडेय कमलपुर जंगल पहुंचे और सुरेंद्र सोरेन की स्थिति का जायजा लिए ।प्रशासन की ओर से उन्हें तत्काल सूखा राशन, चावल, दाल, आटा, नमक सहित अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया । इतना ही नहीं वर्षा से बचने के लिए सुरेन्द्र की झोपड़ी की मरम्मत भी कराई गई। इसके अलावा प्रशासन ने उन्हें कपड़े, कंबल व दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं भी उपलब्ध कराईं हैं। उपायुक्त आदित्य रंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरेंद्र सोरेन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करें। ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि धनबाद जिला प्रशासन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सोरेन के परिजनों ने कई बार उन्हें घर ले जाने का प्रयास भी किया। लेकिन उन्होंने जंगल छोड़ने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि परिवार ने उन्हें पूरी तरह अकेला नहीं छोड़ा है। परिजन समय-समय पर जंगल पहुंचकर उनका हालचाल लेते हैं और उनकी देखभाल करते रहते हैं।