
बाघमारा। बीसीसीएल के मुराईडीह कॉलोनी में लंबे समय से जारी लो वोल्टेज की समस्या को लेकर गुरुवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों कॉलोनीवासी काली मंदिर स्थित ट्रांसफार्मर के पास एकत्र होकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग करने लगे। लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताते हुए कहा कि लगातार कम वोल्टेज मिलने के कारण कॉलोनी में रहने वाले परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम होते ही बिजली का वोल्टेज इतना कम हो जाता है कि पंखा, कूलर, फ्रिज और मोटर जैसे उपकरण ठीक ढंग से काम नहीं कर पाते। भीषण गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं। कई घरों में पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई है, क्योंकि मोटर नहीं चलने से पानी की सप्लाई बाधित हो रही है। लोगों ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
कॉलोनीवासियों की ओर से परियोजना पदाधिकारी टी.एस. चौहान से दूरभाष पर संपर्क कर सही वोल्टेज के साथ नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस दौरान श्रमिक नेता जेके झा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन शीघ्र समस्या का समाधान नहीं करता है तो मजदूरों और प्रबंधन के बीच औद्योगिक संबंध बिगड़ सकते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा।
इधर डुमरा क्षेत्र में बुधवार से बीसीसीएल की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने से ग्रामीणों और दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बिजली नहीं रहने से बाजार की कई दुकानें प्रभावित हैं और कारोबार लगभग ठप पड़ गया है। दुकानदारों ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली कटने से ठंडे पेय पदार्थ, आइसक्रीम व अन्य सामान खराब होने लगे हैं। वहीं ग्रामीण भीषण उमस और गर्मी से परेशान हैं। रात में अंधेरे और गर्मी के कारण लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने अविलंब बिजली बहाल करने की मांग की है।