
धनबाद : धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह में बुधवार सुबह सड़क लगभग दो फीट नीचे धंस गई। घटना के बाद वहां अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। घटना की सूचना मिलते ही केंदुआडीह पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर उक्त मार्ग पर आवागमन रोक दी। घटना के बाद धनबाद से बोकारो और बोकारो से धनबाद की ओर आने जाने वाले वाहनों को दूसरे रास्ते
से भेजा जा रहा है। घटना की सूचना बीसीसीएल और अन्य विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है। मालूम हो कि यह सड़क रांची को धनबाद से जोड़ने वाली मुख्य सड़क मार्ग है। सड़क के बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहां के लोगों ने जल्द ही उक्त सड़क के मरम्मत की मांग की है।