
बाघमारा। बीसीसीएल एरिया तीन के अंतर्गत न्यू आकाश किनारी कोलियरी में सोमवार शाम करीब पांच बजे की गई जोरदार ब्लास्टिंग ने आसपास के इलाके में हड़कंप मचा गई। ब्लास्टिंग के असर से कई रिहायशी मकानों को नुकसान पहुंचा है, जबकि पत्थर गिरने से एक बच्ची घायल हो गई। यह घटना सलानपुर के समीप संचालित बीसीसीएल परियोजना क्षेत्र की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ब्लास्टिंग के समय अचानक तेज कंपन हुआ और चारों ओर बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे। कंपन इतना जबरदस्त था कि कई घरों की दीवारों में दरारें आ गईं और कुछ मकानों की छतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। अचानक हुए धमाकों से लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान एक बच्ची पत्थरों की चपेट में आकर घायल हो गई।
घायल बच्ची को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर कतरास थाना प्रभारी असित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा बीसीसीएल एरिया तीन के अधिकारी और सीआईएसएफ के जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोलियरी में लगातार बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और पूर्व सूचना के ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की जान हमेशा खतरे में रहती है। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त घरों के मुआवजे, घायल बच्ची के समुचित इलाज और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं बीसीसीएल प्रबंधन ने मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया है।