
Baghmara : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बाघमारा में आचार्य उमेश प्रसाद सिंह की सेवानिवृत्ति पर मंगलवार को स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय प्राचार्य संतोष कुमार झा द्वारा उपस्थित मंचासीन अतिथियों का परिचय करवाया गया। मौके पर विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव विनय कुमार पांडेय उपस्थित थे। प्राचार्य ने आचार्य उमेश प्रसाद सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा आप विद्यालय से लगभग 36 वर्षों से जुड़े हुए हैं। विद्यालय के विकास में आपका सहयोग सराहनीय और प्रशंसनीय हैं। मनुष्य कभी सेवानिवृत्त नहीं होता बल्कि आपका दायित्व समाज और परिवार के प्रति और भी बढ़ गया। ईश्वर आपको स्वस्थ एवं दीर्घायु रखें। आपका जीवन खुशियों से भरा रहे ऐसी हमारी मंगल कामना है।

विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव ने सेवानिवृत्त आचार्य के यशस्वी जीवन की कामना करते हुए कहा आप जहाँ भी रहे स्वस्थ रहें और अपने ज्ञान की रश्मि फैलाते रहे। विद्यालय परिवार को आपकी कमी हमेशा खलेगी। विद्यालय के प्रभारी आचार्य संजय सिंह ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा आपने विद्यालय में दिए गए सभी दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ किया। आप जहाँ भी रहे अपने दायित्वों का निर्वहन उसी प्रकार करते रहें। इस अवसर पर आचार्य विद्युत चटर्जी ने अपनी भावनाएँ गीत के माध्यम से प्रस्तुत की। सेवानिवृत्त आचार्य उमेश प्रसाद सिंह ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय और छात्र छात्राओं के साथ बिताए पलों को याद किया। विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र व कईं उपहार देकर सम्मानित किया गया। स्नेह मिलन के इस अवसर पर संपूर्ण विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन आचार्य कृष्ण कुमार पांडेय द्वारा व धन्यवाद ज्ञापन नवल किशोर सिंह द्वारा किया गया।