
बाघमारा। जमुआटांड डुमरा की गलियां सोमवार को विजय घोष और उत्सव के रंगों में सराबोर हो गईं। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC-2025) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 142वीं रैंक हासिल कर पूरे राज्य का मान बढ़ाने वाले शुभम कुमार महतो जब दिल्ली से अपने पैतृक निवास पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उनका स्वागत किसी जननायक की भांति किया। हीरालाल महतो और मंजू देवी के होनहार पुत्र शुभम के आगमन पर पूरा गांव उमड़ पड़ा। जैसे ही शुभम का वाहन जमुआटांड डॉ. संजय कुमार रजवार चौक पहुंचे, नौजवानों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिवादन किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते ग्रामीण और भावुक होते बुजुर्गों के बीच शुभम ने सबसे पहले काली मंदिर और ग्राम देवता के चरणों में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने डॉ. संजय कुमार रजवार, राजा सतेंद्र नारायण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और गांव के प्रमुख मंदिरों—हरि मंदिर, शिव मंदिर, हनुमान मंदिर, दुर्गा मंदिर और ठाकुर बाड़ी में शीश नवाया। घर की दहलीज पर मां ने आरती उतारकर और तिलक लगाकर अपने लाल का स्वागत किया, जहाँ शुभम ने माता-पिता के चरण स्पर्श कर सफलता का आशीर्वाद लिया। इस ऐतिहासिक पल पर ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना न था। बिनोद महतो, आनंद महतो, नंदलाल रवानी, चंदन मिश्रा, भीमलाल रवानी, बैजनाथ प्रसाद, संतोष गोराई, तुलसी साव, दीपक प्रसाद, अक्षय मिश्रा और शीतल मिश्रा समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी खुशी जाहिर की। ग्रामीणों ने कहा, “शुभम ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा किसी सुख-सुविधा की मोहताज नहीं होती। गांव के छात्रों के लिए वे प्रेरणा है।” अपनी सफलता पर शुभम कुमार महतो ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “यह सफलता सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि मेरे माता-पिता के त्याग और पूरे गांव के विश्वास की जीत है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे साथियों से बस यही कहूंगा कि अपनी जड़ों से जुड़े रहें और खुद पर भरोसा रखें। यदि आपकी मेहनत में सच्चाई और इरादों में ईमानदारी है, तो दुनिया की कोई भी बाधा आपको आपके लक्ष्य तक पहुँचने से नहीं रोक सकती।” शुभम की इस उपलब्धि से जमुआटांड और आसपास के क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है और लोग इसे क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य का संकेत मान रहे हैं।