
बाघमारा। ठाकुरबाड़ी गली में रविवार देर रात चोरों ने पीटी शिक्षक राजेश प्रसाद पाल के बंद आवास को निशाना बनाया। घटना के वक्त शिक्षक अपने परिवार के साथ शुक्रवार की रात बनारस गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने सोमवार रात मुख्य द्वार और कमरों के कुल चार ताले तोड़े और भीतर प्रवेश कर अलमारी का लॉक भी तोड़ दिया।
अलमारी की तलाशी लेने के बाद चोर वहां रखे 10,500 रुपये नकद और एक सोने की नथिया लेकर फरार हो गए। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था, जिससे साफ जाहिर होता है कि चोरों ने पूरे घर में बारीकी से तलाश की थी।
घटना की जानकारी तब हुई जब सोमवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर शिक्षक को घर में चोरी की सूचना दी। वे मंगलवार सुबह बनारस से लौटे और स्थिति देख पुलिस को अवगत कराया। घर के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध युवक नजर आए, जिनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।
पीड़ित शिक्षक ने बाघमारा थाना में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश में जुटी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में बीते कुछ दिनों से अज्ञात लोगों की आवाजाही देखी जा रही थी, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरी की योजना पहले से बनाई गई थी। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।