
कतरास : राजगंज थाना क्षेत्र के धावाचिता पुल के समीप बुधवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए। इस दुर्घटना में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के संबंध में कहा जा रहा है कि धावाचिता पुल के पास सड़क मरम्मत कार्य चल रहा है और सुरक्षा के लिए सड़क किनारे सीमेंट के गार्ड लगाए गए थे। इसी दौरान तीनों युवक बाइक से तेज रफ्तार में गुजर रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक हाइवा से बचने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट गार्ड से जोरदार टकरा गई। घटना के बाद बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं इस घटना में घायलों की पहचान महुदा के लोहपिट्टी बस्ती निवासी करण ठाकुर, अरुण ठाकुर और टिंकू ठाकुर के रूप में हुई है। दुर्घटना में दो घायलों को इलाज के लिए राजगंज स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को धनबाद रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने ले गई है। मामले की जांच की जा रही है।