
बाघमारा। बरोरा थाना क्षेत्र के अपर मंदरा में एक सनकी युवक ने गोली मारकर 25 वर्षीय धीरज रवानी नामक युवक की हत्या कर दी। घटना के संबंध में मृत युवक के मामा प्रदीप रवानी ने बताया कि दोपहर ढाई बजे बाजार से वापस अपर मंदरा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपर मंदरा मंदिर के समीप अपने भगना धीरज को खून से लथपथ जमीन पर गिरा हुआ देखा। आनन फानन में भगना को जमीन से उठाया तो देखा भगना के छाती में दो गोली एवं पीठ में एक गोली लगी हुई है। जल्दी बाजी में भगना को कतरास के निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने धीरज को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद भगना के शव को लेकर वापस अपर मंदरा घटना स्थल ले आये। मृतक के मामा प्रदीप ने आरोपी लगाते हुए बताया कि अपर मंदरा निवासी सुभाष ठाकुर के पुत्र टिंकू ठाकुर ने गोली मारकर धीरज की हत्या की है। उन्होंने बताया कि भगना धीरज अपर मंदरा में ही अपने पिता ज्ञान रवानी, माता, पत्नी हिना देवी एवं 7 वर्षीय पुत्री आंशिका कुमारी के साथ रहता था और मंदरा पंचायत की मुखिया पति का स्कोर्पियो गाड़ी चलता था।

मृतक धीरज रवानी का फाइल फोटो
वही घटना की सूचना पाकर बरोरा थाना प्रभारी नंदू पाल, बाघमारा थाना प्रभारी नीतीश अश्विनी दलबल के साथ घटना स्थल पहुंची। पुलिस बल को देख घटना से आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने आरोपी टिंकू को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करते हुए पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेने का विरोध करने लगे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए खोजबीन शुरू किया। सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना स्थल से एक किलोमीटर दूर बरोरा चेक पोस्ट के समीप भागते हुए आरोपी युवक टिंकू को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर थाना ले गई।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों को समझती पुलिस
वही पुलिस ने देर शाम तक घटनास्थल से शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों ने मृतक के आश्रित को मुआवजा दिलाने की मांग पर पुलिस को शव कब्जे में लेने नहीं दिया। समाचार लिखें जाने तक मामला जस की तस बनी हुई थी।

घटना स्थल पर लोगों की भीड़