
धनबाद । धनबाद एक बार फिर सामाजिक विकास की दिशा में मिसाल बना। रविवार को कुबेर होटल धनबाद में धनबाद NGO एसोसिएशन के तत्वावधान में CSR Conclave 2025 का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंच से झारखंड प्रदेश NGO एसोसिएशन के गठन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रांची में जल्द ही राज्यस्तरीय NGO संगठन का विस्तार किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि अब झारखंड के छोटे-छोटे NGO भी राज्य के विकास में बड़ी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के CSR फंड का लाभ अब बाहर के NGO को नहीं, बल्कि झारखंड की स्थानीय संस्थाओं को मिलेगा। इसके लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हर जिले में NGO को काम दिया जाएगा, ताकि अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें।

मंत्री ने कहा कि धनबाद NGO एसोसिएशन ने झारखंड में एक ऐतिहासिक पहल की है। अब राज्य सरकार पूरी तरह से NGOs के साथ है। सरकार और सामाजिक संस्थाएं मिलकर समाज की सेवा करेंगी। यह CSR Conclave झारखंड में सामाजिक संगठनों की एकजुटता और आत्मविश्वास का प्रतीक बन गया। अब उम्मीद है कि ये संस्थाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में निर्णायक भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम में धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने भी भाग लिया। उन्होंने धनबाद NGO एसोसिएशन को बधाई दी और कहा कि यह प्रयास झारखंड की सामाजिक तस्वीर बदलने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने मंच से NGO प्रतिनिधियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

धनबाद जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने सभी NGO को सम्मान पत्र दिए। उन्होंने उनके कार्यों की सराहना की और आगे भी सहयोग का भरोसा दिलाया। जमशेदपुर से आईं लायंस क्लब जिला 322A की जिलापाल सीमा बाजपेयी ने कहा कि वे भविष्य में CSR फंडिंग और सहयोग में NGOs की हरसंभव मदद करेंगी। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और समर्पण से ही समाज में बदलाव संभव है, और ये संस्थाएं यह काम बखूबी कर रही हैं।

लायंस क्लब के वरीय पदाधिकारी सह संस्कार ज्ञानपीठ विधालय नावाडीह हरिणा के निदेशक डॉ मुकेश राय ने भी एनजीओ सदस्यों को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने कहा की सामाजिक विकास के लिए एनजीओ सदस्यों को हरपल सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम में अतिथियों को झारखंड की पारंपरिक सोहराई पेंटिंग भेंट की गई। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें सामाजिक संदेश भी शामिल थे। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम में झारखंड की करीब 80 सामाजिक संस्थाएं शामिल हुईं। मंच से उनके कार्यों को सराहा गया। यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि राज्य की सामाजिक संस्थाओं को एक मंच पर लाने और उनके माध्यम से विकास की नई राह बनाने का प्रयास था।

मंच का संचालन धनबाद NGO एसोसिएशन के सचिव मगधेश कुमार, उपाध्यक्ष सुदर्शन साव, संयोजक सत्यजीत सोनू, सूफी नाज और रूबी नाज ने किया। CSR फंड की प्रक्रिया और तकनीकी जानकारी CSR कंसल्टेंट शुभम द्विवेदी ने दी। मौके पर संपूर्ण जनजागृति आर्गेनाइजेशन के संस्थापक सदस्य प्रेम कुमार, रमेश कुमार महतो, विक्की कुमार साव, नीलम वर्णवाल, रमेश रजवार, संकल्प भारत संस्था के गोपाल सिंह समेत विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि मौजूद थे।
