
फतेहपुर (जामताड़ा)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर फतेहपुर में भव्य शिव बारात धूमधाम और उल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक झांकियों का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती बारात में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
शिव बारात में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, फतेहपुर के पूर्व छात्रों ने आकर्षक झांकियों के माध्यम से धार्मिक पात्रों का सजीव प्रदर्शन किया। स्वरूप दा ने नंदी, गौरांग दा ने माता पार्वती, आनंद ने भगवान शिव, सुमित ने भगवान श्रीराम, आदित्य ने लक्ष्मण, आदर्श ने गणपति, अर्पित ने बजरंग बली, केशव ने बलराम, अयांश ने भगवान श्रीकृष्ण तथा श्लोक ने नारद मुनि की भूमिका निभाकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में सत्यजीत ने सभी प्रतिभागियों को डायरी, कलम और बॉक्स भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर हस्तनिर्मित सामग्री के माध्यम से सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व-जागरण और नागरिक कर्तव्य बोध जैसे विषयों पर प्रभावी संदेश दिया गया। ‘पंच परिवर्तन’ के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिसे लोगों ने सराहा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का भी सशक्त संदेश दिया।