

काबुल। अफ़गानिस्तान में तालिबान के हमले और युद्ध की वीभिषिका लगातार गंभीर होती जा रही है. अफ़गान गृह मंत्रालय ने अपने एक बयान में बताया है कि तालिबान आम नागरिकों, महिलाओं, बच्चों, मस्जिदों और मौलवियों को भी निशाना बना रहा है.
मंत्रालय के मुताबिक़ इस साल की शुरुआत से तालिबान ने अब तक कुल 24 मस्जिदों पर हमला किया है जिसमें 30 मौलवी मारे गए हैं और 70 घायल हुए हैं. इन हमलों में मस्जिदों को भी भारी नुक़सान पहुँचा है.
तीन महीने में करीब ढाई लाख लोग बेघर हुए
हमलों की भयावहता के बीच इस साल मई से लेकर अब तक करीब ढाई लाख लोगों कोअपने घर छोड़कर विस्थापित होना पड़ा है.
संयुक्त राष्ट्र के कोऑर्डिनिशेन ऑफ़ ह्यूमैनिटेरियन अफ़ेयर्स कार्यालय (OCHA) के आँकड़ों के अनुसार अफ़गानिस्तान में पिछले तीन महीने में 2,44,000 लोग विस्थापित हुए हैं.
अलजज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल इसी अवधि के मुकाबले विस्थापित होने वाले लोगों कीसंख्या में 300% बढ़ोत्तरी हुई है.
ओसीएचए की रिपोर्ट के अनुसार सबसे ज़्यादा लोग पूर्वोत्तर और पूर्वी अफ़गानिस्तान से भाग रहे हैं.
रिपोर्ट में कहा गया है कि इन इलाकों में न तो सिर छिपाने के लिए छत बची है, न जानबचाने के लिए मेडिकल सुविधाएं और न खाने के लिए पर्याप्त खाना.
-एजेंसियां