
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर अंतर्गत खानमोह इलाके में जारी मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। दोनों अल-बद्र आतंकी संगठन के सदस्य थे। इसकी जानकारी कश्मीर के IGP विजय कुमार ने दी। पुलिस और सुरक्षाबल की टीम इस ऑपरेशन को अंजाम दे रही हैं। इससे पहले सोमवार सुबह इलाके में आतंकियों के छुपे होने की खबर मिली। इसके बाद सुरक्षाबल के जवान आतंकियों के ठिकाने के करीब पहुंचे तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है।
पिछले मंगलवार को अनंतनाग में हुई थी मुठभेड़
इससे पहले बीते मंगलवार को जम्मू और कश्मीर के अनंतनाग के कोकेरनाग इलाके वेलू में भी आतंकियों और सुरक्षाबलों में मुठभेड़ हुई थी। इसमें लश्कर के तीन आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था। उससे पहले रविवार को सीमा से सटे पुंछ में पुलिस और सेना ने मिलकर आतंकियों पर कार्रवाई की थी। इस दौरान बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए थे। यहां से 19 हैंड ग्रैनेड बरामद किए थे।
-एजेंसियां