
रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए शुक्रवार को हुए मतदान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी दीपक प्रकाश और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रत्याशी शिबू सोरेन चुनाव जीते है। भाजपा प्रत्याशी को 31 और झामुमो प्रत्याशी को 30 मत प्राप्त हुए। तीसरे उम्मीदवार कांग्रेस के शहजादा अनवर को मात्र 18 वोटों से संतोष करना पड़ा है। भाजपा उम्मीदवार दीपक प्रकाश राज्यसभा पहुंचने वाले झारखंड प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। उनकी जीत पर केंद्रीय मंत्री और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने ट्वीट कर बधाई दी है।
मालूम रहे 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में फिलहाल 79 विधायक ही हैं। दो जगह से चुनाव जीतने वाले राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी एक सीट खाली कर दी है। वहीं बेरमो विधायक राजेंद्र सिंह का कुछ दिन पूर्व ही निधन हो गया है। इसलिए प्रदेश में अबतक 79 विधायक ही है। निर्दलीय परिमल नाथवानी और राष्ट्रीय जनता दल के प्रेमंचद्र गुप्ता का कार्यकाल पूरा होने के बाद झारखंड की दो राज्यसभा सीटें खाली हुई थीं।
