
रांची: नामकुम थाना क्षेत्र के विभिन्न जगहों में शुक्रवार को थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में अवैध महुआ शराब के चुलाई एवं बिक्री के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के हेंसापिंडी एवं आसपास के गांवों तथ नदियों के समीप स्थित 6 शराब की भट्ठी एवं करीब एक क्वींटल जावा महुआ को नष्ट किया गया। उक्त अवैध शराब निर्माण स्थल पर पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही शराब संचालक और इस अवैध कार्य को करने वाले लोग मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने स्थानीय लोगों को जागरूक करते हुए शराब का सेवन और चुलाई नहीं करने की बात कही। इसके अलावा थाना प्रभारी ने स्थानीय लोगों को नशीले पदार्थ से होने वाले नुकसान को भी बताया। वहीं प्रभारी प्रवीण ने स्थानीय कई गांवों के लोगों को कड़ी हिदायत देते हुए अवैध शराब के साथ पकड़े जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। अभियान के दौरान प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक पवन कुमार, आकाश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक पंकज यादव एसएटी के जवान मौजूद थे।