
कतरास : टाटा सिजुआ 12 नबर स्थित गौरी शंकर धाम मंदिर में भोक्ता पर्व (चड़क पूजा) मंगलवार को पारंपरिक विधिविधान और गहरी आस्था के साथ मनाया गया। सैकड़ों वर्ष पूर्व से चली आ रही पर्व का अटूट भक्ति की शक्ति इस चड़क पूजा में देखने को मिला। भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए शरीर में लोहे के कील छिदवाकर शिव भक्तों ने 50 फीट से ऊंचे खूंटे से लटककर परिक्रमा किया। चड़क पूजा के तीसरे दिन शिव भक्त समीप की जोरिया (नदी) में स्नान कर, नाचते-गाते हुए मंदिर पहुंचे और विधिविधान के साथ पूजा अर्चना कर पीठ में कील चुभाकर खूंटा में बंधवाकर परिक्रमा कर अनुष्ठान को संपन्न किया इस दौरान कईं शिवभक्त पीठ में हुक चुभाकर उससे स्कार्पियो खींचकर अपनी आस्था का परिचय दिया। चड़क पूजा को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। इस अनुष्ठान के दौरान टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, राकोमयू के सिजुआ शाखा अध्यक्ष संजय सिंह, जनक लाल, रामेश्वर महतो, दुर्गा महतो, गोविंद महतो, दिनेश त्रिपाठी, बाबूनाथ महतो, बसंत महतो, आनंद महतो, सुमित महतो, रवि महतो, विकास महतो आदि मौजूद थे।