
बाघमारा : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघमारा में संपूर्ण जनजागृति ऑर्गनाइजेशन व दधीचि रक्त अधिकोष के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एक दिवसीय स्वेच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अंचल अधिकारी कमल किशोर सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार प्रजापति, सीएचसी प्रभारी डा मनीष कुमार एवं थाना प्रभारी सूबेदार कुमार यादव ने भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को जागरूक करते हुए हौसला बढ़ाया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने आयोजन करने वाली दोनों संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन मे रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता है। कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर किसी की जिंदगी बचा सकता है। लोगों से अपील किया कि वे भी इस प्रकार के आयोजन में रक्तदान कर दूसरों की जिंदगी बचाने में सहयोग करने का काम करें। शिविर के दौरान एसएनएमएमसीएच ब्लड बैंक कर्मियों के सहयोग से 30 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इससे पूर्व आयोजन समिति की ओर से इंदिरा चौक से पद यात्रा करते हुए सीएचसी पहुंचे। इस दौरान रक्तदान को लेकर लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से प्रेम कुमार, सिंटू साव, डॉ कुमार सौरव, नितेश कुमार, विजय कुमार, संजय महतो, रमेश कुमार, विक्की साव, सुबोध कुमार, संजू यादव, अभिजीत, विशाल आदि का सराहनीय योगदान रहा।
