
धनबाद : कतरास थाना क्षेत्र से एक 12 वर्षीय बच्चे के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता बच्चे का नाम रितेश कुमार दास है, जो मानसिक रूप से कमजोर होने की बात कही जा रही है। रितेश कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत दास टोला, राजबाड़ी रोड, कतरारी बाजार का रहने वाला है। उक्त जानकारी रितेश की मां बॉबी देवी ने शुक्रवार को धनबाद के गांधी सेवा सदन में मीडिया को दी। उन्होंने कहा कि 23 जनवरी को दोपहर करीब 3 बजे उनका बेटा रितेश बिना किसी को बताए घर से सरस्वती पूजा देखने के लिए निकला था। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा.। रितेश मानसिक रूप से कमजोर है और ठीक से बात भी नहीं कर पाता है। पहले भी वह दो बार घर से निकल चुका है, लेकिन तब पुलिस की मदद से उसे खोजकर सुरक्षित घर लाया गया था। बॉबी देवी ने कहा कि रितेश के लापता होने के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की। लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित थाना का लिखित आवेदन देकर मदद की गुहार लगाते हुए जल्द से जल्द बच्चे को ढूंढने की मांग की है।