
धनबाद : बलियापुर प्रखंड के नया प्राथमिक विद्यालय, हरिबोल थान मुकुंदा में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई। बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकालने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिरधारी महतो ने पूरी कोशिश में जुट गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मुकुंदा के पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक ने साहस का परिचय देते हुए जलते गैस सिलेंडर को डंडे के सहारे परिसर से बाहर निकाला। जहां पानी, बालू व भीगे बोरे से आग पर काबू पाया गया। कहा जा रहा है कि अगर सिलेंडर में विस्फोट होता तो बड़ा हादसा हो सकता था । बताया जाता है कि गैस सिलेंडर शुक्रवार को ही मंगाया गया था। इस दौरान आग कैसे लगी जो जांच का विषय है।