
धनबाद : नई अनाज वितरण नीति के विरोध में विभिन्न प्रखंडों में स्थित जीएफसीआई गोदामों में कार्यरत मोटिया मजदूर पिछले सात दिनों से रणधीर वर्मा चौक पर अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हैं। कहा जा रहा है कि नई व्यवस्था के तहत अब एफसीआई गोदाम से सीधे पीडीएस दुकानदारों तक अनाज पहुंचाया जाएगा। इससे प्रखंड स्तर के जीएफसीआई गोदामों में अनाज की लोडिंग-अनलोडिंग और परिवहन का कार्य करने वाले सैकड़ों मजदूरों के सामने बेरोजगारी का संकट उत्पन्न हो गया है। धरना स्थल पर पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो ने मजदूरों का समर्थन करते हुए कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल मजदूरों से बातचीत करनी चाहिए। वहीं सरकार को इस नई नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने मजदूरों को आश्वासन देते हुए कहा कि अगर सरकार मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो वे इस मुद्दे को झारखंड विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे। मजदूरों ने सरकार से पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती मजदूरों का अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।