
बाघमारा । पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बाघमारा में कक्षा अरुण से द्वितीय तक के भैया – बहनों के अभिभावक बंधु / भगिनी का ऑनलाइन गोष्टी संपन्न हुआ। गोष्ठी में मुख्य रूप से अभिभावक बंधु / भगिनी के साथ-साथ कक्षा अरुण से द्वितीय के सभी खंडों के कक्षाचार्य जी , वाटिका प्रमुख दीदी जी एवं विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सहित कुल 52 सदस्य शामिल हुए। ओंकार ध्वनि के उच्चारण के साथ बैठक प्रारंभ की गई, गोष्ठी में परिचय तथा प्रस्तावना वाटिका प्रमुख दीदी जी श्रीमती बबीता सिन्हा द्वारा कराया गया। बबीता जी द्वारा अभिभावकों के बीच विद्या भारती योजना अनुसार शिशु वाटिका योजना को विस्तार पूर्वक बताया गया। बैठक में अभिभावक को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री शर्मेंद्र कुमार साहू जी ने कहा कि विगत सत्र 2020 – 21 से ही हमारे नन्हे मुन्ने भैया – बहन घर पर ही रह कर पठन-पाठन कर रहे हैं। इस विषम परिस्थिति में उनके विकास में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न ना हो इस हेतु अभिभावक बंधु / भगिनी तथा विद्यालय के आचार्य टोली के बीच सामंजस्य बनाए रखना अति आवश्यक है। विद्यालय द्वारा निर्देशित आदर्श दिनचर्या का पालन हमारे भैया – बहन करें साथ ही उनका पठन-पाठन भी सुचारू ढंग से हो इसकी संपूर्ण दायित्व अभिभावक पर आ जाती है, विद्यालय परिवार अभिभावक से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा रखता है। उनके द्वारा इस क्षेत्र में सहयोग प्राप्त होगा ऐसी अपेक्षा है। ग्रीष्मावकाश में भी हमारे भैया – बहनों का ऑनलाइन कक्षा के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की गतिविधियां भी ऑनलाइन संपन्न कराने की योजना है। प्राचार्य महोदय ने स्पष्ट बताया कि मनुष्य परिस्थितियों के बस में है जैसे ही परिस्थितियां अनुकूल होगी भैया – बहनों के लिए मोहल्ला पाठशाला योजना को पुनः प्रारंभ किया जाएगा । अभिभावक बंधु / भगिनी भी अपने – अपने विचार प्रस्तुत करते हुए अनमोल सुझाव दिए । उनके सुझाव ही विद्यालय का पाथेय होगा, ऐसी अपेक्षा आचार्य बंधुओं द्वारा की गई। करोना काल में भैया – बहनों के स्वास्थ एवं अभिभावक बंधु / भगिनी को भी सुरक्षित और स्वस्थ रहने का विशेष आग्रह किया गया। अंत में सौहार्दपूर्ण वातावरण में कल्याण मंत्र के साथ गोष्ठी की समापन की गई। बैठक में मुख्य रूप से श्रीमती संध्या सिन्हा , श्रीमती संगीता मिश्रा , सुश्री नीतू ,सुश्री सीमा , सुश्री प्रीति ,आचार्य श्री राजेंद्र प्रसाद शर्मा जी एवं अजीत तिवारी जी उपस्थित रहे।
