
बाघमारा। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को पूरा बाघमारा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों, स्कूल, कॉलेजों, स्वास्थ्य केंद्रों और बीसीसीएल के विभिन्न प्रतिष्ठानों में शान से तिरंगा फहराया गया। राष्ट्रगान के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर देश की एकता और अखंडता का संकल्प लिया। बाघमारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में प्रखंड प्रमुख गीता देवी ने ध्वजारोहण किया। बीडीओ लक्ष्मण यादव और सीओ गिरिजानंद किस्कू समेत अधिकारियों व कर्मियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बाघमारा थाना परिसर में थानाप्रभारी अजीत कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रीनाथ ने तिरंगा फहराया। बीसीसीएल के ब्लॉक टू क्षेत्र में जीएम कुमार रंजीव और बरोरा क्षेत्रीय कार्यालय में जीएम केके सिंह ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। शैक्षणिक संस्थानों में भी उत्साह देखने को मिला। बाघमारा कॉलेज में प्राचार्य डॉ रंजन कुमार, सरस्वती शिशु मंदिर में सचिव राजेंद्र प्रसाद, स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य लखन प्रसाद महतो और नेताजी सुभाष विद्या मंदिर डुमरा में सचिव भोला रजवार ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भाषणों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति कर्तव्य का संदेश दिया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, शिक्षक, छात्र छात्राएं, अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।