
बाघमारा। बरोरा थाना क्षेत्र के बेहराकुदार गांव में होली के दूसरे दिन गुरुवार को आपसी रंजिश को लेकर बम फेंके जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में प्रभास सिंह और उनके परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। अचानक हुए धमाके से आसपास के लोग दहशत में आ गए और काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही बरोरा थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए वहां से एक बाइक व बम के अवशेष बरामद किए हैं। इसके बाद आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई।
इस संबंध में प्रभास सिंह ने गांव के ही शुभम सिंह समेत कुछ अन्य लोगों पर बम फेंकने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पूर्व से चल रहे आपसी विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपों के आधार पर संदिग्ध लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।