
बाघमारा (धनबाद)। बरोरा थाना क्षेत्र शनिवार को उस वक्त दहशत में आ गया, जब माथाबांध ग्राउंड के समीप असामजिक तत्वों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई राउंड गोलियां चलीं, जिससे इलाके में अफरा तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही बरोरा थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घटनास्थल से पुलिस ने गोलियों की कई खोखा बरामद की हैं, जिससे फायरिंग की पुष्टि होती है। इस घटना में प्योर बरोरा निवासी रविन्द्र चौहान नामक एक व्यक्ति के घायल हुआ है। फिलहाल घटना को पुराना आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि क्षेत्र में यह भी चर्चा है की घटना कोयला के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर है। बतादें क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला कारोबार को लेकर कई गुट सक्रिय हैं, जिनके बीच समय समय पर टकराव की स्थिति बनती रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

घायल का फोटो