
बाघमारा। बाघमारा बरोरा सीमावर्ती इलाके में सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे अपराधियों ने तांडव मचा दिया। बीसीसीएल बरोरा क्षेत्रीय कार्यालय के पास डुमरा–फुलारीटांड रोड पर मंदरा पंचायत की मुखिया ललिता देवी के पति शंकर बेलदार पर बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अपराधियों ने उन पर चार राउंड गोली चलाई। घायल शंकर किसी तरह अपनी जान बचाते हुए बरोरा क्षेत्रीय कार्यालय परिसर की ओर भागे। आसपास के लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में धनबाद के निजी अस्पताल में भेजा।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया। बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार, तोपचांची इंस्पेक्टर असीम कमल टोपनो, बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार, बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार और कतरास थाना प्रभारी आसीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है और गार्डों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
पीछा कर रहे थे अपराधी
घटना स्थल के आसपास के लोगों अनुसार शंकर बेलदार अपनी बाइक से डुमरा की ओर जा रहे थे। तभी तीन अपराधी बाइक से उनका पीछा कर रहे थे और अचानक बरोरा कार्यालय के समीप उन पर गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही शंकर बाइक से कूदकर भागे और कार्यालय की ओर शरण ली। अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
अवैध कोयला कारोबार से जोड़कर देखा जा रहा मामला
स्थानीय लोग इस हमले को बाघमारा-बरोरा इलाके में अवैध कोयला कारोबार और वर्चस्व संघर्ष से जोड़कर देख रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से रुकरुक कर इलाके में तनाव और वर्चस्व की लड़ाई होती रहती है, और यह वारदात उसी कड़ी का हिस्सा हो सकती है।
एसडीपीओ बोले – जल्द होगा खुलासा
बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। अपराधियों की पहचान जल्द की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
