
बाघमारा। बीसीसीएल के रीजनल अस्पताल डुमरा बाघमारा की हालत एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। गुरुवार शाम 7 बजे ए.एम.पी. कोलियरी मुराईडीह के वेल्डर एवं कोल कर्मी बृहस्पति कुम्हार का हाल जानने पहुंचे श्रमिक प्रतिनिधियों ने अस्पताल परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि अस्पताल के रेस्ट रूम सहित लगभग पूरे भवन में जगह-जगह पानी टपक रहा है, जिससे मरीज और परिजन परेशान हैं।
प्रतिनिधियों ने इस दुर्दशा के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विशेषक चिकित्सा अधिकारियों को सप्ताह भर पालियों में ड्यूटी कराया जा रहा है, जिससे न तो बरोरा क्षेत्र के कर्मियों को और न ही आम जनता को नियमित चिकित्सा सुविधा मिल पा रही है।
इन तमाम अव्यवस्थाओं को लेकर श्रमिक प्रतिनिधियों ने आंदोलन करने का निर्णय लिया है। मौके पर जे.के. झा, लग्न देव यादव, संतोष गोराई, मंगल हेंब्रम सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।