
कतरास : श्रमिक आंदोलन के पुरोधा स्वर्गीय बढ़न दास के शहादत दिवस पर लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके समाधि स्थल पर दीप प्रज्वलित, माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके उपरांत श्रद्धांजलि यात्रा ईस्ट कतरास कोलियरी स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पहुंची। जहां उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से उपस्थित लोगों ने
उनके संघर्षपूर्ण जीवन, श्रमिकों के अधिकारों के लिए किए गए योगदान तथा सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण को याद किया । समाजसेवी विकास बजरंगी ने कहा कि स्वर्गीय बढ़न दास ने अपना संपूर्ण जीवन श्रमिकों के अधिकार, सम्मान ,न्याय की लड़ाई के लिए समर्पित किया है । उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष, त्याग और सेवा भाव आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। पूर्व मुखिया सीताराम भुइयाँ व इंद्रदेव भुइँया ने कहा कि स्वर्गीय बढ़न दास, जिन्हें लोग स्नेहपूर्वक ‘दास बाबू’ के नाम से जानते थे, ट्रेड यूनियन के माध्यम से श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई पूरी निष्ठा, साहस और निर्भीकता के साथ लड़ते थे। उन्होंने श्रमिकों के हक एवं सम्मान की रक्षा के लिए अनेक ऐतिहासिक संघर्ष किए, जिन्हें आज भी श्रमिक समाज गर्व और सम्मान के साथ याद करता है। स्वर्गीय बढ़न दास के पुत्र राजकुमार दास ने अपने पिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके पिता ने सत्य, संघर्ष और सेवा का जो मार्ग दिखाया, उसी पर चलना उनके जीवन का संकल्प है। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, श्रमिक नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित थे।