
कतरास : अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कतरास थाना चौक स्थित हनुमान मेंशन सहित कईं जगहों में झमाडा की 6 इंच और 4 इंच की पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे भगत मोहल्ला, सब्जी पट्टी, गुजराती मोहल्ला समेत आसपास के क्षेत्रों में पेय जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित है। बताया जा रहा है कि नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान में जेसीबी से सफाई करने के दौरान यह पाइप क्षतिग्रस्त हुई है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना झमाडा तेतुलमारी के अधिकारियों को दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए झमाडा के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं सचिव ने तत्काल क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। शनिवार को जूनियर इंजीनियर की देखरेख में आधा दर्जन से अधिक मजदूरों ने थाना चौक में मरम्मत कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने कहा कि क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत का कार्य दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।