
बाघमारा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर गुरुवार को सम्पूर्ण जनजागृति ऑर्गेनाइजेशन में अध्ययनरत छात्राओं ने बाघमारा थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के साथ रक्षा बंधन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर छात्राओं ने थाना प्रभारी अजीत कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों को परंपरागत तरीके से तिलक लगाकर राखी बांधी और उनसे सुरक्षा का संकल्प लिया। भावनात्मक माहौल में पुलिसकर्मियों ने भी इन बालिकाओं को सुरक्षा का वचन देते हुए भरोसा दिलाया कि बाघमारा पुलिस सदैव उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगी। थाना प्रभारी ने कहा कि समाज में बेटियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए पुलिस हरसंभव सहयोग करती रहेगी। रक्षाबंधन जैसे सांस्कृतिक आयोजनों से पुलिस और समाज के बीच विश्वास और आत्मीयता का संबंध और मजबूत होता है। इस कार्यक्रम के आयोजन से क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और पुलिस के प्रति जनविश्वास को भी बल मिला। उपस्थित छात्राओं और पुलिसकर्मियों के चेहरों पर उल्लास और गर्व की भावना स्पष्ट दिखाई दी।