
कतरास : कतरास थाना क्षेत्र के रामपुर में डायमंड इलेक्ट्रिकल वर्क्स नामक दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ किया है । शनिवार अहले सुबह जब लोगों की नजर उखड़े शटर पर पड़ी, तब चोरी के बारे में दुकान संचालक मो. मुमताज को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। चोरी गए सामानों में न्यू काॅपर तार , इलेक्ट्रिक टूल्स, ओल्ड काॅपर तार , 10 एचपी का मोटर , 20 एचपी का मोटर , करंट ट्रांसफॉर्मर , इलेक्ट्रिक वजन मशीन शामिल हैं। सामानों की कीमत लगभग चार लाख रुपये बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सबसे पहले चोरों ने वहां के सम्राट फर्नीचर दुकान की दीवार पर लगे सीसीटीवी कैमरा को क्षतिग्रस्त कर दिया । इसके बाद चोरों ने डायमंड इलेक्ट्रिकल वर्क्स से बड़ा मोटर निकालकर दुकान के पीछे स्थित झाड़ियों में ले जाकर उसके अंदर के कीमती पुर्जे को खोला है। मालूम हो कि करीब एक साल पहले इस दुकान से कुछ ही दूरी पर स्थित बंद आवास का ताला तोड़कर अपराधियों ने नगदी समेत आभूषण की चोरी कर घटना को अंजाम दिया था ।